CG News: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में तीन युवकों ने जंगल से बंगाल मॉनिटर लिजार्ड (गोह) पकड़कर उसका शिकार कर लिया। आरोप है कि युवकों ने गोह को शराब के साथ चखना बनाकर खाया। पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया, जिसके वायरल होने के बाद वन विभाग ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।![]()
रील बनाकर सोशल मीडिया पर किया पोस्ट
जानकारी के अनुसार, श्यामगिरी क्षेत्र के खूंटेपाल गांव निवासी हुंगा ओयाम, कोसा ओयामी और नंदाराम ओयामी ने जंगल में गोह को पकड़ा। वायरल वीडियो में दो युवक गोह को पकड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में एक युवक शराब के साथ चखना बनाने की बात भी कहता सुनाई देता है।
वीडियो में गोह के साथ क्रूरता
वीडियो में आरोपी गोह के पैर धारदार हथियार से काटते हुए नजर आ रहे हैं। इसके बाद उसे पकाकर खाने की बात सामने आई है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला वन विभाग के अधिकारियों तक पहुंचा।
वन विभाग ने तीनों को पकड़ा
वीडियो सामने आने के बाद पीसीसीएफ के निर्देश पर बचेली रेंज की वन विभाग टीम ने श्यामगिरी क्षेत्र में कार्रवाई की। जांच के दौरान तीनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। वन विभाग के अनुसार तीनों युवक बोर उत्खनन करने वाली गाड़ी में काम करते हैं।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जिस मॉनिटर लिजार्ड का शिकार किया गया, उसकी उम्र करीब 3 से 4 महीने थी। इस तरह के संरक्षित वन्यजीव के शिकार पर 3 से 7 वर्ष तक की सजा का प्रावधान है। मामले की जांच जारी है।



