CG Fire: दुर्ग नगर निगम परिसर में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब महापौर अलका बाघमार की इनोवा कार में अचानक भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि महापौर कुछ ही क्षण पहले गाड़ी से उतर चुकी थीं, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र की है। मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची।![]()
गाड़ी से उतरते ही भड़की आग
जानकारी के अनुसार, महापौर अलका बाघमार दोपहर करीब 12:15 बजे नगर निगम कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने अपनी इनोवा कार पार्क की और जैसे ही गाड़ी से बाहर निकलीं, कुछ ही देर बाद वाहन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।
फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू
घटना की जानकारी मिलते ही निगम परिसर में मौजूद कर्मचारियों और लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण सफलता नहीं मिली। सूचना पर फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक इनोवा पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
आग में जले दस्तावेज
महापौर अलका बाघमार ने बताया कि कार में कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी रखे थे, जो आग में जल गए। उन्होंने कहा कि उन्हें किसी साजिश की आशंका नहीं है। शुरुआती तौर पर वायरिंग में खराबी या शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की संभावना जताई जा रही है। उनके अनुसार महज 8 से 10 मिनट के भीतर पूरी गाड़ी जलकर खाक हो गई। फिलहाल पुलिस और फोरेंसिक टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।


