IGKV Paper Leak: इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के पेपर लीक मामले में पुलिस ने दुर्ग के भारती कॉलेज के असिस्टेंट लेक्चरर समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ रायपुर के तेलीबांधा थाना में मामला दर्ज किया गया है। मामले में कार्रवाई करते हुए भारती कॉलेज प्रबंधन ने प्राचार्य डॉ. एके दुबे और पेपर लीक के मास्टरमाइंड योगेश सोनकेसरिया को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है।![]()
2 परीक्षाएं रद्द
पेपर लीक के बाद 7 अगस्त को आयोजित बीएससी कृषि प्रथम वर्ष की प्लांट पैथोलॉजी परीक्षा रद्द कर दी गई है। जांच में सामने आया कि इस विषय का प्रश्नपत्र भी लीक हुआ था। इससे पहले 20 अगस्त को बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष की कीट विज्ञान परीक्षा भी रद्द की जा चुकी है। विश्वविद्यालय ने दोनों परीक्षाएं सितंबर के पहले सप्ताह में दोबारा कराने का निर्णय लिया है।
छात्र मिलकर खरीदते थे प्रश्नपत्र
कुछ छात्रों ने दावा किया है कि प्रश्नपत्र परीक्षा से कुछ घंटे पहले नहीं, बल्कि करीब एक दिन पहले ही उपलब्ध हो जाता था। छात्रों के अनुसार, एक प्रश्नपत्र की कीमत 1 हजार से 5 हजार रुपए तक होती थी। कई छात्र मिलकर पैसे जुटाते थे और प्रश्नपत्र खरीदकर उसकी प्रति अन्य छात्रों को साझा करते थे। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस जांच जारी है।
कई विषयों के प्रश्नपत्र लीक
छात्रों का कहना है कि मामला केवल दो विषयों तक सीमित नहीं था। आरोप है कि पूरे सेमेस्टर के कई विषयों के प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले कुछ छात्रों तक पहुंच जाते थे। कुछ प्रश्नपत्र मैसेज और मोबाइल के जरिए साझा किए जाते थे। पुलिस इन सभी दावों की जांच कर रही है।
जांच जारी
पुलिस मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। विश्वविद्यालय और पुलिस दोनों स्तर पर मामले की जांच जारी है।




