CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट, अगले 7 दिन तक जारी रहेगा बारिश का दौर

CG Weather Update

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में अगले सात दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। गुरुवार को सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कई क्षेत्रों में बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा दर्ज की गई।

कोरबा में नदी में बहे ग्रामीण का शव मिला

कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र में खारुन नदी में बह गए 45 वर्षीय गेंदलाल का शव करीब 24 घंटे बाद बरामद किया गया। बताया जा रहा है कि वह नदी किनारे गुड़ाखू करने गया था, तभी पैर फिसलने से तेज बहाव में बह गया। उसका शव घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर झाड़ियों में मिला।

रायगढ़ में चार दिनों से डूबा रपटा पुल

रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ ब्लॉक के पुटूकछार गांव में नदी का जलस्तर बढ़ने से रपटा पुल लगातार चार दिनों से डूबा हुआ है। इससे खम्हार-पुटूकछार मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। स्कूली बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और ग्रामीणों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार, 1 जून से अब तक प्रदेश में हुई बारिश सामान्य से केवल 6 प्रतिशत कम है। इसे सामान्य श्रेणी की वर्षा माना जा रहा है। पिछले 24 घंटे में जगदलपुर का अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 21.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ के मध्य और उत्तर हिस्से के कई जिलों में आज भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक पूरे प्रदेश में मानसून सक्रिय रहेगा। पिछले 24 घंटे के दौरान सरगुजा, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई।

रायपुर में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना

राजधानी रायपुर में आज गरज-चमक के साथ बारिश और बौछारें पड़ने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *