KBC: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के ग्राम टेहका निवासी 23 वर्षीय योगेश साहू ने कौन बनेगा करोड़पति (KBC) में 50 लाख रुपए जीत लिए। 1 करोड़ रुपए के सवाल तक पहुंचने के बाद उन्होंने कोई जोखिम नहीं लिया और गेम क्विट करने का फैसला किया।![]()
योगेश साहू IIT बॉम्बे के टॉपर रह चुके हैं। उन्होंने पहले ही प्रयास में IIT में प्रवेश हासिल किया था। इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद कैंपस प्लेसमेंट में उन्हें 1.5 लाख रुपए प्रतिमाह की नौकरी मिली थी, लेकिन उन्होंने IAS बनने के अपने लक्ष्य के लिए नौकरी छोड़ दी।
UPSC की तैयारी में जुटे योगेश
योगेश के पिता गयाराम साहू महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल रमेश बैस के ड्राइवर हैं। परिवार के अनुसार योगेश पहले ही प्रयास में UPSC सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा पास कर चुके हैं और फिलहाल मुख्य परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। तैयारी पर पूरा ध्यान देने के लिए उन्होंने मोबाइल और सोशल मीडिया से दूरी बना रखी है।
50 लाख के सवाल पर लिया आखिरी लाइफलाइन का सहारा
कौन बनेगा करोड़पति 18 में अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठे योगेश से 50 लाख रुपए के लिए एक सवाल पूछा गया। उन्हें शहरों और वर्षों की सूची में सही शहर का नाम चुनना था।
इस सवाल का जवाब देने के लिए योगेश ने अपनी आखिरी लाइफलाइन का इस्तेमाल किया। हिंट मिलने के बाद उन्होंने समझा कि दिए गए वर्ष नोबेल पुरस्कार विजेताओं से जुड़े हैं और सही उत्तर तिरुचिरापल्ली चुना, जो सीवी रमन का जन्मस्थान है। उनका जवाब सही निकला और उन्होंने 50 लाख रुपए जीत लिए।
1 करोड़ के सवाल पर किया गेम क्विट
50 लाख रुपए जीतने के बाद योगेश के सामने 1 करोड़ रुपए का सवाल आया। हालांकि उन्होंने जोखिम नहीं उठाया और 50 लाख रुपए की राशि के साथ गेम क्विट करने का फैसला किया।
रेलवे स्टेशन पर हुआ भव्य स्वागत
मुंबई से लौटने पर भाटापारा रेलवे स्टेशन पर सामाजिक कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने योगेश साहू का गर्मजोशी से स्वागत किया। उनकी उपलब्धि पर परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।



