Raipur Blue Water: राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र के नकटी गांव स्थित ब्लू वाटर में बुधवार शाम दोस्तों के बीच लगी एक शर्त दर्दनाक हादसे में बदल गई। एक छोर से दूसरे छोर तक तैरकर जाने की शर्त के दौरान 24 वर्षीय युवक गहरे पानी में डूब गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और SDRF की टीम को बुलाया गया। रात होने और पानी की अधिक गहराई के कारण सर्च ऑपरेशन रोक दिया गया। अब गुरुवार सुबह दोबारा तलाश शुरू की गई।![]()
दोस्तों से लगी शर्त पड़ी भारी
जानकारी के अनुसार मौदहापारा निवासी आदिल खान (24), पिता नासिर खान, अपने तीन दोस्तों के साथ नकटी गांव स्थित ब्लू वाटर घूमने पहुंचा था। इसी दौरान दोस्तों के बीच पानी के एक छोर से दूसरे छोर तक तैरकर जाने की शर्त लग गई। इसके बाद आदिल और उसका एक दोस्त पानी में कूद गए।
एक दोस्त बाहर निकला, आदिल डूब गया
तैरने के दौरान आदिल गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया। उसके साथ पानी में उतरा दोस्त किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आया, लेकिन आदिल का कोई पता नहीं चल सका। घटना के बाद साथियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
रात में रोका गया सर्च ऑपरेशन
पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ से संपर्क किया गया। हालांकि अंधेरा होने और पानी की अधिक गहराई के कारण रात में सर्च ऑपरेशन शुरू नहीं किया जा सका। अधिकारियों ने गुरुवार सुबह रेस्क्यू अभियान दोबारा शुरू किया।
परिजन रात में ही रेस्क्यू की मांग पर अड़े
युवक के परिजन रात में ही रेस्क्यू अभियान चलाने की मांग करते रहे। हालांकि पुलिस ने गहरे पानी और अंधेरे में अभियान चलाने को जोखिम भरा बताते हुए उन्हें समझाइश दी। अब गुरुवार सुबह एसडीआरएफ की टीम दोबारा सर्च ऑपरेशन चलाकर युवक की तलाश कर रही हैं।




