Raipur News: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 2 सितंबर को छत्तीसगढ़ दौरे पर आएंगे। इस दौरान वे रायपुर स्थित एम्स के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रदेश के मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की।![]()
तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपराष्ट्रपति के दौरे की सभी व्यवस्थाएं मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम और निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सुनिश्चित की जाएं। एयरपोर्ट से एम्स तक आने-जाने के मार्ग पर सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और प्रवेश-निकास योजना को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।
प्रोटोकॉल का विशेष ध्यान
रायपुर कलेक्टर को एयरपोर्ट पर स्वागत, रिसेप्शन लाइन और एम्स में प्रोटोकॉल से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही एयरपोर्ट और कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करने के लिए भी कहा गया है।
मेडिकल और अन्य सुविधाएं रहेंगी उपलब्ध
उपराष्ट्रपति के दौरे के दौरान चिकित्सा सुविधाएं, आकस्मिक चिकित्सा सहायता, प्रकाश व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था और ठहरने की सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया है।
दीक्षांत समारोह की विशेष तैयारियां
दीक्षांत समारोह में बैठने की व्यवस्था भारत सरकार के प्रोटोकॉल और निर्धारित डायस प्लान के अनुसार की जाएगी। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् और राष्ट्रगान से होगी। एम्स प्रबंधन को समारोह से जुड़ी सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।


