Raipur Theft: रायपुर के कटोरा तालाब इलाके में एक ही रात में 10 गाड़ियां चोरी होने का दावा सामने आया है। हालांकि पुलिस ने इस दावे से इनकार करते हुए कहा है कि पिछले 15 दिनों में इलाके से केवल 2 बाइक चोरी होने की शिकायत दर्ज हुई है। इनमें से एक बाइक बरामद कर ली गई है, जबकि दूसरी की तलाश जारी है।![]()
CCTV में कैद हुए संदिग्ध
सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सामने आए CCTV फुटेज में संदिग्ध वाहन चोरी करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस इन फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
घर के बाहर से चोरी हुई बाइक
कटोरा तालाब निवासी वाय. गणेश ने बताया कि उन्होंने अपनी रॉयल एनफील्ड 350 इलेक्ट्रा बाइक 15 अगस्त की रात घर के बाहर खड़ी की थी। अगले दिन सुबह करीब 7 बजे बाइक गायब मिली। आसपास तलाश करने के बावजूद बाइक का कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद उन्होंने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई।
अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत के अनुसार चोरी हुई काले रंग की बाइक की कीमत करीब 75 हजार रुपए है।
पुलिस ने दावे पर दी सफाई
सिविल लाइन थाना प्रभारी यमन देवांगन ने बताया कि इलाके में एक रात में 10 गाड़ियों की चोरी की पुष्टि नहीं हुई है। पिछले 15 दिनों में केवल 2 बाइक चोरी की शिकायत दर्ज हुई है। इनमें से एक बाइक बरामद कर ली गई है, जबकि दूसरी की तलाश जारी है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।
