Korba Accident: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बांकीमोंगरा क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसा सोमवार रात चांदनी चौक के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक ट्रेलर के नीचे फंस गई।![]()
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों युवकों के शव सड़क पर रखकर करीब 2 घंटे तक चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारी ट्रेलर चालक के खिलाफ कार्रवाई और मृतकों के परिवारों को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे।
बाइक को सामने से मारी टक्कर
पुलिस के अनुसार रोंगा की ओर से आ रहे ट्रेलर ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर अरदा गांव निवासी सूरजभान ठाकुर और सूरज पटेल सवार थे। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
2 युवकों की मौके पर मौत
टक्कर के बाद सूरजभान ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल सूरज पटेल को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।
शव सड़क पर रखकर किया प्रदर्शन
हादसे से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। चक्काजाम के कारण रोंगा-बांकीमोंगरा मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। ग्रामीण ट्रेलर चालक पर सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे।
सूचना मिलने के बाद नायब तहसीलदार अमरदीप आंचल और बांकीमोंगरा थाना प्रभारी जितेंद्र यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत की। करीब 2 घंटे बाद प्रदर्शन खत्म हुआ और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
ट्रेलर जब्त, चालक की तलाश जारी
पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रेलर को जब्त कर लिया है। चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और मौत का कारण बनने का मामला दर्ज किया गया है। हादसे के बाद चालक फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।



