CG News: बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र से दर्दनाक हादसा सामने आया है। अमरपुर के बड़का जोभी स्थित वन विभाग के तालाब में डूबने से पति-पत्नी की मौत हो गई। पति को डूबता देख पत्नी उसे बचाने के लिए तालाब में कूद गई, लेकिन दोनों गहरे पानी से बाहर नहीं निकल सके और उनकी जान चली गई।
मृतकों की पहचान मुनेश्वर नाग और उनकी पत्नी घुघरी नाग के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मुनेश्वर नाग अचानक तालाब में गिर गए और डूबने लगे। उन्हें बचाने के लिए उनकी पत्नी ने बिना देर किए पानी में छलांग लगा दी, लेकिन दोनों गहरे पानी में फंस गए और डूब गए।
इस दौरान उनकी रिश्तेदार जसमती भी दोनों को बचाने के लिए तालाब में उतर गई। हालांकि मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
घटना की सूचना मिलते ही कुसमी पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से दोनों के शव तालाब से बाहर निकाले गए और पोस्टमार्टम के लिए कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
अस्पताल में नहीं मिला शव वाहन
परिजनों ने बताया कि कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शव वाहन उपलब्ध नहीं था। इसके कारण दोनों शवों को निजी वाहन से अस्पताल ले जाना पड़ा, जिससे परिजनों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ा। कुसमी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


