Raipur Theft: रायपुर में महिला का बैग लेकर फरार हुआ रेपिडो चालक, 2 मोबाइल समेत हजारों का सामान पार

rapido

Raipur Theft: राजधानी रायपुर में रेपिडो चालक द्वारा महिला का बैग लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। बैग में दो मोबाइल फोन समेत करीब 35 हजार रुपए का सामान रखा था। घटना पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घर लौट रही थी महिला

पुलिस के अनुसार, भीमनगर स्थित श्रीजन विला निवासी सत्य सरोज रविवार शाम करीब 4:15 बजे सिविल लाइन स्थित सिंचाई कॉलोनी से रेपिडो बाइक बुक कर अपने घर लौट रही थीं। कुछ देर बाद नीले रंग की स्कूटी और नीले रेनकोट में एक चालक उन्हें लेने पहुंचा।

रास्ते में महिला शास्त्री चौक और आमापारा चौक पर रुकीं, जहां उन्होंने फल खरीदे। फल और अन्य सामान एक बैग में रख दिया। बैग भारी होने के कारण उन्होंने उसे चालक के पैरों के पास रख दिया। उसी बैग में उनके दो मोबाइल फोन भी थे।

घर के बाहर बैग लेकर भागा चालक

महिला जब भीमनगर स्थित अपने घर पहुंचीं और स्कूटी से उतरकर सामान निकालने लगीं, तभी चालक बिना किराया लिए ही तेज रफ्तार से बैग लेकर फरार हो गया। महिला ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं रुका।

कुछ दूरी पर जाम लगने के कारण चालक दोबारा दिखाई दिया, लेकिन महिला को देखते ही दूसरी गली से भाग निकला। इसके बाद महिला ने दूसरे व्यक्ति के मोबाइल से अपने बेटे को घटना की जानकारी दी।

बैग में था ये सामान

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि बैग में एक ओप्पो रेनो 16सी मोबाइल और एक रेडमी 13सी मोबाइल रखा था। दोनों मोबाइल सहित बैग में रखा सामान करीब 35 हजार रुपए का था।

पुलिस कर रही चालक की तलाश

पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने अज्ञात रेपिडो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और चालक की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *