CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में चक्रवाती सिस्टम के असर से पिछले कुछ दिनों से तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। बादलों की मौजूदगी के चलते रात का तापमान सामान्य से करीब 4 डिग्री अधिक दर्ज किया गया, लेकिन अब इसमें गिरावट आने की संभावना जताई गई है।

रात में हल्की ठंड का अहसास
मौसम विभाग के अनुसार, बादलों के छंटने के साथ ही रात का पारा नीचे आएगा और हल्की ठंड का अहसास होगा। हालांकि ठंड का असर ज्यादा दिन तक नहीं टिकेगा। अभी अरब सागर से नमीयुक्त हवा का प्रवेश जारी है, जिसके कारण राज्यभर में मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।

पिछले 24 घंटों का तापमान
पिछले 24 घंटों में सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा में 17.2°C दर्ज किया गया। वहीं, रायपुर में रात का तापमान 22.7°C रहा, जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक है। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 32.5°C रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा।
आज कैसा रहेगा रायपुर का मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आज रायपुर में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान तापमान 23 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। विभाग का कहना है कि उत्तर-पूर्व दिशा से ठंडी हवाएं आने पर ही ठंड का सिलसिला स्थायी रूप से शुरू होगा।
