Raipur Bank Fraud: रायपुर में असिस्टेंट बैंक मैनेजर ने की 14.97 लाख की ठगी, फर्जी फॉर्म से तुड़वाई ग्राहक की FD

Raipur Bank Fraud: राजधानी रायपुर में बैंकिंग धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। देवेंद्र नगर स्थित एक्सिस बैंक शाखा में एक असिस्टेंट बैंक मैनेजर पर ग्राहक की फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) तुड़वाकर करीब 14.97 लाख रुपए की हेराफेरी करने का आरोप लगा है। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने बैंक के उप प्रबंधक समेत दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फर्जी फॉर्म से बदला मोबाइल नंबर

गंज थाना पुलिस के अनुसार, पीड़िता सुषमा कुमार का खाता देवेंद्र नगर स्थित एक्सिस बैंक शाखा में है। आरोप है कि बैंक के उप प्रबंधक कुलदीप सिंह ने 17 जुलाई को फर्जी कस्टमर रिक्वेस्ट फॉर्म का उपयोग कर महिला के खाते में दर्ज मोबाइल नंबर उनकी जानकारी और सहमति के बिना बदल दिया।

FD तोड़कर खाते से निकाले लाखों रुपए

मोबाइल नंबर बदलने के बाद आरोपियों ने बैंकिंग एप के जरिए खाते तक पहुंच बनाई और 14.40 लाख रुपए से अधिक की एफडी समय से पहले बंद कर दी। एफडी की राशि बचत खाते में जमा होने के बाद खाते में मौजूद अन्य रकम मिलाकर कुल 14.97 लाख रुपए दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए गए।

निजी फर्म के खाते में भेजी गई रकम

जांच में पता चला कि पूरी राशि गुढ़ियारी स्थित इंडियन सेल्स नाम की निजी फर्म के खाते में भेजी गई। इस फर्म का संचालन योगेश येडे करता है। इसके बाद चेक और एटीएम के माध्यम से पूरी रकम निकाल ली गई।

आंतरिक जांच में सामने आया फर्जीवाड़ा

मामले का खुलासा 7 अगस्त को हुआ, जब पीड़िता अपने खाते की जानकारी लेने बैंक पहुंचीं। खाते में गड़बड़ी मिलने पर उन्होंने बैंक प्रबंधन से शिकायत की। बैंक की आंतरिक जांच में अनियमितता की पुष्टि होने के बाद शाखा प्रबंधक ने गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस कर रही जांच

पुलिस ने बैंक के उप प्रबंधक कुलदीप सिंह और इंडियन सेल्स के संचालक योगेश येडे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बैंक रिकॉर्ड, चेक, एटीएम लेनदेन और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस धोखाधड़ी में और कौन-कौन लोग शामिल थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *