Raipur Murder: राजधानी रायपुर के झूलेलाल चौक के पास स्थित बंसल पैराडाइज होटल के एक कमरे से युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। उसी कमरे में एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला है। घटना गंज थाना क्षेत्र की है। सूचना मिलने पर पुलिस और FSL की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।![]()
कमरे से आ रही थी चीखने की आवाज
होटल प्रबंधन के अनुसार काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर पुलिस को सूचना दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कमरे से युवती के जोर-जोर से चिल्लाने की आवाज आ रही थी। साथ ही उन्होंने दावा किया कि युवक खुद को चाकू से घायल करता हुआ दिखाई दिया। हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
दोनों ने पहचान पत्र देकर लिया था कमरा
युवक की पहचान वाराणसी के मोहावन निवासी किशन कुमार भारद्वाज के रूप में हुई है। वहीं मृत युवती की पहचान छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर जिले की रहने वाली रिमन मंडावी के रूप में हुई है। दोनों ने अपने पहचान पत्र जमा कर होटल में कमरा लिया था।
खिड़की तोड़कर पहुंचा होटल स्टाफ
होटल कर्मचारियों ने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद कर्मचारियों ने कमरे की खिड़की तोड़कर अंदर देखा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक उस समय चाकू से खुद को घायल करता हुआ दिखाई दिया।
पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच
पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। कमरे को सील कर दिया गया है और होटल के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन सहित अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। फिलहाल युवती की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।


