CG Ganja Smuggling: महासमुंद पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे-53 पर एक ट्रक से 560 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 2 करोड़ 80 लाख रुपए बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने महाराष्ट्र निवासी दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
NH-53 पर नाकाबंदी कर पकड़ा ट्रक
महासमुंद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक आयशर माजदा वाहन में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने पिथौरा थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-53 स्थित ग्राम रेहटीखोल में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध वाहन क्रमांक MH 18 BG 7546 को रोककर तलाशी ली। जांच में वाहन के डाले में कैरेट के नीचे छिपाकर रखी गई 16 बोरियां मिलीं, जिनमें गांजा भरा हुआ था।
16 बोरियों में मिला 560 किलो गांजा
पुलिस ने मौके से 560 किलोग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी कीमत करीब 2 करोड़ 80 लाख रुपए आंकी गई है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल आयशर माजदा वाहन, जिसकी कीमत करीब 15 लाख रुपए है, और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। कुल जब्ती करीब 2 करोड़ 95 लाख रुपए की बताई गई है।
महाराष्ट्र के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस पूछताछ में वाहन चालक ने अपना नाम अजय रविन्द्र पवार (30 वर्ष) निवासी जलगांव, महाराष्ट्र और उसके साथी ने अपना नाम स्वराज महाजन (25 वर्ष) निवासी जलगांव, महाराष्ट्र बताया। आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा के बरमपुर से लोड कर महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सिंघोड़ा थाना में धारा 20(B)(II)(C) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

