Korba Accident: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने हुई भिड़ंत में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पाली थाना क्षेत्र के चैतमा स्थित डिस्पोजल फैक्ट्री के पास हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।![]()
बाइक के उड़े परखच्चे
जानकारी के अनुसार बाइक पर तीन लोग सवार थे। तेज रफ्तार कार से आमने-सामने की टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
कार सवार भी हुए घायल
बताया जा रहा है कि कार में दो लोग सवार थे, जिनमें एक महिला मरीज भी शामिल थी। सभी रायपुर से इलाज कराकर मनेन्द्रगढ़ लौट रहे थे। चैतमा के पास पहुंचते ही कार और बाइक की टक्कर हो गई, जिसमें कार सवार दोनों लोग भी घायल हो गए।
घायलों को किया गया रेफर
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। सभी घायलों को पहले कटघोरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पहचान में जुटी पुलिस
फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान नहीं हो सकी है। चैतमा चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और मृतकों की पहचान कराने के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
