CG News: गरियाबंद और महासमुंद जिले के जतमई धाम, घटारानी और राजिमधाम में श्रद्धालुओं को निशाना बनाने वाली महिला चोर गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने नागपुर की रहने वाली सात महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये महिलाएं कार से धार्मिक स्थलों की रेकी कर भीड़ का फायदा उठाकर गहने और कीमती सामान चोरी करती थीं।![]()
CCTV और कार नंबर से मिली सफलता
जानकारी के अनुसार 9 अगस्त को जतमई धाम में आरंग निवासी नीलम चक्रधर के गले से करीब दो तोले की सोने की चेन चोरी हो गई थी। चेन की कीमत लगभग तीन लाख रुपये बताई गई है। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने CCTV फुटेज और कार नंबर के आधार पर महासमुंद के पास नाकेबंदी की। इस दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें चोरी का सामान बरामद हुआ। कार में सवार सात महिलाओं को हिरासत में लिया गया।

नागपुर की महिला चोर गैंग सक्रिय
पुलिस पूछताछ में पता चला कि सभी आरोपी महिलाएं महाराष्ट्र के नागपुर और आसपास के क्षेत्रों की रहने वाली हैं। पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय है और धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं को निशाना बनाता है।

भीड़ का उठाती थीं फायदा
पुलिस के अनुसार आरोपी महिलाएं पहले कार से मंदिर और धार्मिक स्थलों की रेकी करती थीं। इसके बाद भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के गले से चेन, कान के गहने और पर्स चोरी कर फरार हो जाती थीं।
मंदिरों में बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना के बाद पुलिस ने जतमई धाम, घटारानी और राजिमधाम सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने गहनों और कीमती सामान का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है।
