CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मंगलवार को एक किराए के मकान में पति-पत्नी के शव फंदे से लटके मिले। बच्चों के रोने की आवाज सुनकर मकान मालिक मौके पर पहुंचा, जिसके बाद घटना का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।![]()
किराए के मकान में रहते थे दंपती
जानकारी के अनुसार, दंपती मूल रूप से मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के रहने वाले थे। वे अपने दो बच्चों के साथ बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र स्थित नयापारा वार्ड नंबर-12 में किराए के मकान में रहते थे। दोनों एक औद्योगिक क्षेत्र की कंपनी में काम करते थे।
बच्चों के रोने पर पहुंचा मकान मालिक
मंगलवार सुबह मकान मालिक को कमरे से बच्चों के रोने की आवाज सुनाई दी। जब उन्होंने खिड़की से अंदर देखा तो पति-पत्नी के शव एक ही फंदे से लटके दिखाई दिए। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।


