Raipur News: रायपुर में बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, आधार, राशन कार्ड और पासपोर्ट बनवाया, डिटेंशन सेंटर भेजा गया

Raipur News: रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान शेख रेहान के रूप में हुई है। आरोप है कि वह करीब 26 वर्षों से रायपुर में रह रहा था और गाड़ी मैकेनिक का काम करता था। फिलहाल उसे डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया है।

किराए के मकान में रहकर करता था काम

पुलिस के मुताबिक, शेख रेहान संजय नगर में किराए के मकान में रह रहा था। टिकरापारा क्षेत्र में उसकी गाड़ी मरम्मत की एक छोटी दुकान भी थी। पुलिस का दावा है कि वह वर्ष 2000 में अपने माता-पिता के साथ रायपुर आया था और यहीं रहकर पढ़ाई तथा काम करता रहा।

 

भारतीय दस्तावेज बनवाने का आरोप

पुलिस का कहना है कि आरोपी और उसके परिजनों ने आधार कार्ड, राशन कार्ड समेत कई भारतीय दस्तावेज बनवा लिए थे। उसके पास भारतीय पासपोर्ट होने का भी दावा किया गया है। पुलिस ने आरोपी के दस्तावेज और पासपोर्ट जब्त कर लिए हैं और मामले की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, पिछले वर्ष अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान रेहान अपने माता-पिता के साथ बांग्लादेश चला गया था। कुछ समय बाद वह दोबारा भारत लौट आया और रायपुर में छिपकर रहने लगा। सूचना मिलने पर पुलिस ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके माता-पिता की तलाश जारी है।

पिछले महीने भी हुई थी कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि पिछले महीने भी संजय नगर क्षेत्र से एक अन्य बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया गया था। उस मामले में भी आरोपी के पास भारतीय दस्तावेज मिलने का दावा किया गया था। दोनों मामलों की जानकारी गृह मंत्रालय और विदेश मंत्रालय को भेजी गई है।

 

डिटेंशन सेंटर में रखा गया आरोपी

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपियों को रायपुर केंद्रीय जेल स्थित डिटेंशन सेंटर में रखा गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्रदेश के अन्य जिलों में भी अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ अभियान जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *