CG Snake Bite: कांकेर जिले से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक युवक सांप को अपने गले में लपेटकर बाइक चलाते हुए अस्पताल पहुंचता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि सांप ने युवक को डस लिया था, इसके बाद उसने सांप को पकड़ लिया और उसे गले में लपेटकर अस्पताल पहुंच गया।
स्नेक कैचर है युवक
मामला कोयलीबेड़ा विकासखंड के पखांजूर का बताया जा रहा है। सांप को पकड़कर बाइक चलाने वाले युवक की पहचान देवजीत सरकार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि देवजीत पिछले 8 वर्षों से इलाके में सांपों को पकड़ने और उन्हें सुरक्षित स्थान पर छोड़ने का काम कर रहा है।
रेस्क्यू के दौरान सांप ने डसा
जानकारी के अनुसार, बीते दिनों देवजीत एक घर में सांप का रेस्क्यू कर रहा था। इसी दौरान सांप ने उसे डस लिया। इसके बाद युवक ने सांप को पकड़ लिया और उसे साथ लेकर बाइक से करीब 14 किलोमीटर दूर अस्पताल पहुंच गया। युवक का कहना था कि वह सांप को इसलिए साथ लेकर आया, ताकि डॉक्टर उसकी पहचान कर सकें और इलाज में मदद मिल सके।
जहरीला नहीं था सांप
अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने सांप की पहचान की। जांच में पता चला कि सांप जहरीला नहीं था। इसके बाद युवक का उपचार किया गया और उसे राहत मिली। हालांकि डॉक्टरों ने युवक को इस तरह सांप को पकड़कर अस्पताल लाने से सख्त मना किया।
दोबारा काट सकता था सांप
पखांजूर के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीत वैष्णव ने बताया कि युवक शुक्रवार को गले में सांप लपेटकर अस्पताल पहुंचा था। उसने बताया कि रेस्क्यू के दौरान सांप ने उसे काट लिया था और सांप की पहचान के लिए वह उसे अपने साथ लेकर आया था। डॉक्टर के अनुसार, युवक जिस सांप को लेकर आया था वह जहरीला नहीं था, इसलिए उसे जल्द राहत मिल गई।
डॉक्टर ने लोगों से अपील की है कि सांप जहरीला हो या गैर-जहरीला, उसे पकड़कर अपने शरीर के आसपास लपेटना या अस्पताल लेकर जाना बेहद खतरनाक हो सकता है। जहरीला सांप होने की स्थिति में वह दोबारा काट सकता है और इससे जान का खतरा बढ़ सकता है।

