CG News: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बरोंड़ा बाजार स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से सोमवार तड़के 8 नाबालिग फरार हो गए। सभी करीब 2 से 3 बजे के बीच खिड़की की ग्रील तोड़कर परिसर से भाग निकले। घटना के बाद संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस फरार नाबालिगों की तलाश में जुटी हुई है।![]()
जानकारी के अनुसार, फरार हुए सभी नाबालिग पिछले 4 से 5 महीनों के दौरान अलग-अलग आपराधिक मामलों में बाल संप्रेक्षण गृह भेजे गए थे। इनमें एक नाबालिग दुष्कर्म, दो चोरी के मामलों में निरुद्ध थे, जबकि अन्य पर एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न प्रकरण दर्ज हैं। इनका संबंध महासमुंद, सरायपाली, धमतरी और ओडिशा के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से बताया जा रहा है।
सर्च अभियान जारी
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, महिला एवं बाल विकास विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे परिसर की जांच की जा रही है। फरार नाबालिगों की तलाश के लिए पुलिस ने व्यापक सर्च अभियान शुरू कर दिया है।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
करीब दो वर्ष पहले भी इसी बाल संप्रेक्षण गृह से बच्चों के फरार होने का मामला सामने आया था। एक बार फिर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

