Raipur Murder: राजधानी रायपुर से दिल दहला देने वाली हत्या की वारदात सामने आई है। ठंडा भजिया लाने पर एक युवक ने अपने ही दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना खम्हारडीह थाना क्षेत्र की है, जहां डेयरी कर्मचारी ने शराब के नशे में अपने साथी को लात-घूंसों से पीटा, चाकू और रॉड से हमला किया। पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो सामने आया है।
मृतक की पहचान दुर्गेश धृतलहरे (27) के रूप में हुई है, जबकि हत्या का आरोपी सन्नी साहू बताया गया है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार 23 दिसंबर की रात दोनों डेयरी के कमरे में बैठकर शराब पी रहे थे। शराब के बाद दुर्गेश भजिया लेकर आया, लेकिन भजिया ठंडा होने पर सन्नी साहू भड़क गया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो कुछ ही देर में हिंसक झगड़े में बदल गया।



गुस्से में सन्नी ने पहले दुर्गेश को जमीन पर पटक दिया, फिर रॉड से वार किया और चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद उसे घसीट-घसीटकर लात-घूंसों से पीटा। बेरहमी से की गई पिटाई में दुर्गेश गंभीर रूप से घायल हो गया और खून से लथपथ होकर बेहोश हो गया। जब काफी देर तक दुर्गेश नहीं उठा, तो सन्नी उसे इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि दोस्त की मौत के बाद आरोपी सन्नी अस्पताल में शव के पास बैठकर रोता रहा। इधर, डेयरी संचालक चिंटू साहू ने कमरे में खून और घसीटने के निशान देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची खम्हारडीह पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की और मेकाहारा से उसे गिरफ्तार कर लिया।
