Raipur News: रायपुर के उरला थाना क्षेत्र स्थित बेंद्री डैम में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। मछली पकड़ने गए एक युवक की डैम में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।![]()
डैम में मछली पकड़ने गया था युवक
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान जशपुर निवासी 30 वर्षीय आशीष टोप्पो के रूप में हुई है। आशीष उरला स्थित एक निजी इस्पात कंपनी में मजदूरी करता था। सोमवार को वह अपने साथियों के साथ बेंद्री डैम में मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
SDRF ने चलाया सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद पथरीडीह पुल के पास से युवक का शव बरामद किया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।


