CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से बारिश की रफ्तार धीमी पड़ गई है। बारिश थमने के बाद प्रदेश में तापमान बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश में बने लो प्रेशर एरिया के असर से बारिश का सिस्टम फिर सक्रिय होगा। इसके चलते अगले 2 दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बौछारें पड़ने की संभावना है। कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा।![]()
पिछले 24 घंटे में कुछ इलाकों में बहुत हल्की बारिश दर्ज की गई है। मंगलवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। हालांकि अभी किसी भी जिले के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रारोड में 20.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
अगले 2 दिन फिर होगी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, लो प्रेशर एरिया के प्रभाव से अगले दो दिनों में प्रदेश के कई जिलों में बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है। प्रदेश में मानसून सीजन की कुल बारिश सामान्य से 4 प्रतिशत कम बनी हुई है। हालांकि आने वाले दिनों में बारिश होने से आंकड़ों में सुधार की संभावना है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में मंगलवार को बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
अंतिम दौर में पहुंचा मानसून
छत्तीसगढ़ में मानसून अब अंतिम दौर में पहुंच गया है। 1 जून से 7 सितंबर तक प्रदेश में 950.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश का आंकड़ा 990.8 मिमी है। इस तरह प्रदेश में अब तक सामान्य से 4 प्रतिशत कम बारिश हुई है।


