CG Weather Update: बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के असर से छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। लगातार हो रही बारिश के बीच कई इलाकों से हादसों की खबरें भी सामने आ रही हैं।
दुर्ग जिले में अलग-अलग डूबने की घटनाओं में तीन युवाओं की मौत हो गई। वहीं सारंगढ़-बरमकेला के लाट नाले में बही कार में सवार पूर्व सरपंच देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी का 36 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं मिला है। दोनों की तलाश के लिए राहत और बचाव दल लगातार अभियान चला रहे हैं।
पिछले 24 घंटे का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में रायपुर और बिलासपुर संभाग के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई। प्रदेश में अब तक मानसून की बारिश सामान्य से 21 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।
तापमान का हाल
प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस पेंड्रारोड में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस भी पेंड्रारोड में रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहने, रुक-रुक कर बारिश होने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।



