Raipur Protest: रायपुर में भाजपा और कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान हुए बवाल के बाद पुलिस ने कांग्रेस के 12 नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया। इसके साथ ही कांच की बोतलें, लकड़ी और जूते भी फेंके गए, जिससे 16 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी घायल हो गए। खम्हारडीह थाना प्रभारी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। देर रात रायपुर पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला अस्पताल पहुंचे और घायल पुलिसकर्मियों का हालचाल जाना।![]()
प्रदर्शनकारियों को बैरिकेडिंग पर रोका
दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास घेराव के विरोध में भाजपा ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन के घेराव का ऐलान किया था। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए खम्हारडीह थाना, रक्षित केंद्र और अन्य थानों से पुलिस बल तैनात किया गया था।
पुलिस के अनुसार, इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से नारेबाजी करते हुए बैरिकेडिंग की ओर बढ़े। पुलिस ने उन्हें रोकने और समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने।
16 पुलिसकर्मी घायल
आरोप है कि इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की। साथ ही पुलिस पर कांच की बोतलें, पत्थर, लकड़ी और जूते फेंके। इस घटना में उपनिरीक्षक देवराज सिंह के सिर में चोट लगी, जबकि महिला आरक्षक सीमा बंजारे समेत कुल 16 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी घायल हो गए।
12 कांग्रेसियों पर FIR दर्ज
पुलिस ने इस मामले में सुनील कुकरेजा, विनोद तिवारी, सकलेन कामदार, आकाश तिवारी, अजीत कुकरेजा, हनी बग्गा, शांतनु झा, गावेश साहू, खुबी डहरिया, सागर दुल्हानी, अजीज भिंसरा और अमित तिवारी समेत अन्य प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
Raipur News: रायपुर में भयंकर भगदड़, पुलिस ने छोड़ी आंसू गैस; वाटर कैनन चलाया
मंगलवार रात राहुल गांधी के समर्थन में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोकभवन के बाहर प्रदर्शन किया था। इसके अगले दिन बुधवार को भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने निकले थे।








