CG Atmanand School Recruitment: राजधानी रायपुर के 33 आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में संविदा शिक्षकों के 152 पद अब भी खाली हैं। इन पदों पर भर्ती के लिए कुछ महीने पहले प्रक्रिया शुरू की गई थी और 26 मई को पात्र-अपात्र सूची भी जारी कर दी गई थी। अभ्यर्थी मेरिट सूची का इंतजार कर रहे थे, लेकिन 30 मई को लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने प्रदेशभर में चल रही आत्मानंद स्कूलों की संविदा भर्ती प्रक्रिया रद्द कर दी।![]()
DPI की ओर से जारी पत्र में कहा गया कि अब भर्ती प्रक्रिया जिला स्तर के बजाय DPI स्तर से कराई जाएगी। हालांकि भर्ती प्रक्रिया अभी तक शुरू नहीं हो सकी है। 16 जून से प्रदेश के सभी स्कूलों में पढ़ाई शुरू हो चुकी है, लेकिन शिक्षक भर्ती को लेकर अब तक कोई नई जानकारी जारी नहीं की गई है।
शिक्षकों की कमी के कारण आत्मानंद स्कूलों का संचालन अधूरे स्टाफ के भरोसे हो रहा है। कई स्कूलों में आधे से अधिक पद खाली हैं, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कुछ अभिभावक अपने बच्चों का दूसरे स्कूलों में प्रवेश कराने की मांग भी कर रहे हैं।
ये स्कूल सबसे ज्यादा प्रभावित
रायपुर शहर में 33 आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल संचालित हैं। इनमें शशिबाला स्कूल गुढ़ियारी, सप्रे स्कूल बूढ़ापारा, काशीराम स्कूल भनपुरी, शासकीय स्कूल रायपुरा और शासकीय स्कूल त्रिमूर्ति नगर भी शामिल हैं।
सबसे अधिक शिक्षक पद शशिबाला स्कूल गुढ़ियारी और काशीराम स्कूल भनपुरी में खाली हैं। दोनों स्कूलों में 11-11 पद रिक्त हैं। इनमें हिंदी, संस्कृत, वाणिज्य, जीवविज्ञान, कला, भौतिकी के व्याख्याता, हिंदी और अंग्रेजी शिक्षक, सहायक शिक्षक, प्रयोगशाला परिचर तथा पीटीआई के पद शामिल हैं।
सप्रे स्कूल में हो चुका है विवाद
पिछले महीने बूढ़ापारा स्थित आत्मानंद सप्रे स्कूल में 12वीं वाणिज्य और कला संकाय के विद्यार्थियों को शिक्षक नहीं होने के कारण दूसरे स्कूल में प्रवेश लेने की सलाह दी गई थी। इससे विद्यार्थी और अभिभावक नाराज हो गए थे।
पहले यहां जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) से शिक्षकों की नियुक्ति की गई थी। कार्यकाल समाप्त होने के बाद शिक्षक चले गए और पद खाली हो गए। विरोध के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने फिर डीएमएफ निधि से शिक्षकों की नियुक्ति कराई।
अब मेरिट नहीं, परीक्षा से होगी भर्ती
अब तक आत्मानंद स्कूलों में संविदा शिक्षकों की भर्ती बिना लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के होती थी। स्नातक और स्नातकोत्तर के अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाती थी। इसके बाद प्रत्येक पद के लिए 10-10 अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाकर अंतिम चयन सूची जारी की जाती थी।
सूत्रों के अनुसार अब डीपीआई भर्ती के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा आयोजित कर सकता है। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक निर्देश जारी नहीं किए गए हैं।



