Bhilai Fraud: छत्तीसगढ़ के भिलाई में घरेलू परेशानियां दूर करने, तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ और निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक महिला से करीब 85 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने जिन्न और प्रेत बाधा का डर दिखाकर लंबे समय तक महिला से पैसे ऐंठे। पुलिस ने आरोपी को मध्य प्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार कर लिया है। मामला भिलाई नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस आरोपी के बैंक खातों और पैसों के लेनदेन की जांच कर रही है।
रायपुर में हुई थी पहचान
पीड़िता संगीता कश्यप ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2023 में रायपुर में एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान उसकी मुलाकात जबलपुर निवासी पवन बधोरिया से हुई थी। बातचीत के दौरान उसने परिवार की परेशानियों का जिक्र किया, जिस पर आरोपी ने पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र से सभी समस्याएं दूर करने का दावा किया।
इसके बाद आरोपी लगातार महिला के संपर्क में रहा और पूजा-पाठ, तंत्र-मंत्र और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों के नाम पर अलग-अलग किस्तों में बड़ी रकम लेता रहा।
जिन्न और प्रेत का डर दिखाकर ऐंठे लाखों रुपये
पीड़िता के अनुसार आरोपी बार-बार कहता था कि परिवार पर जिन्न और प्रेत का साया है। यदि समय पर विशेष पूजा नहीं कराई गई तो परिवार पर बड़ा संकट आ सकता है। गुप्त पूजा और लगातार 43 दिन तक दीपक जलाने जैसी बातें कहकर उसने महिला का भरोसा जीत लिया और लाखों रुपये वसूल लिए।
आरोपी ने महिला को यह कहकर भी डराया कि विशेष पूजा नहीं कराई गई तो उसके पति का सड़क हादसा हो सकता है। इसके लिए उसने करीब डेढ़ लाख रुपये लिए। कुछ समय बाद महिला के पति की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।
इसके बाद भी आरोपी महिला की भावनाओं का फायदा उठाता रहा। कभी मां के ऑपरेशन, कभी पिता की मौत और कभी खुद के पुलिस गिरफ्त में होने का बहाना बनाकर लगातार पैसे मांगता रहा।

ट्रेडिंग नाम पर भी ठगे पैसे
आरोपी ने महिला के बेटे को भी शेयर बाजार और ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश पर भारी मुनाफा दिलाने का लालच दिया। इस भरोसे में महिला और उसके बेटे ने अलग-अलग किस्तों में बड़ी रकम आरोपी के खातों में भेज दी, लेकिन न कोई मुनाफा मिला और न ही पैसे वापस मिले।
जब महिला ने अपने पैसे मांगे तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। मानसिक दबाव बनाने के लिए उसने अपने हाथ की नस काटने की फोटो भी भेजी। बाद में सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर फर्जी नियुक्ति पत्र दिखाकर भी पैसे ऐंठे।
इंदौर से गिरफ्तार आरोपी
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी के मध्य प्रदेश के इंदौर में होने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से बैंक खाते से जुड़ा मोबाइल और आधार कार्ड जब्त किया गया है। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस बैंक खातों, पैसों के लेनदेन और मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।


