CG News: बारनवापारा अभयारण्य में 3 चीतलों की मौत, शिकार की आशंका

CG News: महासमुंद जिले के बारनवापारा अभयारण्य में तीन चीतलों (हिरण) की मौत का मामला सामने आया है। वन विभाग के अनुसार, दो नर चीतलों की मौत आपसी संघर्ष के दौरान हुई, जबकि तीसरे चीतल की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। विभाग को आशंका है कि उसकी मौत शिकार या किसी जंगली अथवा आवारा जानवर के हमले से हुई हो सकती है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

 

जानकारी के मुताबिक, अभयारण्य के विस्थापित ग्राम रामपुर के पास स्थित रामपुर चारागाह (कक्ष क्रमांक-127) में सोमवार और मंगलवार के दौरान तीन चीतल मृत अवस्था में मिले। इनमें एक चीतल की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। वन विभाग पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है, जिसके बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

वहीं घटनास्थल पर मिले दो अन्य नर चीतलों के शवों की जांच में पता चला कि दोनों की मौत आपसी संघर्ष के दौरान हुई। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दोनों चीतलों के सींग आपस में फंस गए थे। सींग छुड़ाने की कोशिश में उनकी गर्दन में गंभीर चोटें आईं, गर्दन की हड्डी टूट गई और अत्यधिक रक्तस्राव होने से दोनों की मौत हो गई।

 

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर तीनों चीतलों का विधिवत दाह संस्कार किया गया।

 

बारनवापारा अभयारण्य के अधीक्षक कृष्णानु चंद्राकर ने बताया कि रामपुर क्षेत्र में लगभग तीन हजार चीतलों का विचरण रहता है। उन्होंने कहा कि तीसरे चीतल की मौत के कारणों की जांच की जा रही है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *