CG Ganja Smuggling: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कार में बनाए गए गुप्त चैंबरों से 62 किलो 160 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने गांजा, कार और मोबाइल सहित कुल 36 लाख 13 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की है।![]()
ओडिशा से मध्यप्रदेश ले जाई जा रही थी खेप
पुलिस के अनुसार कोमाखान थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि ओडिशा के भवानीपटना से मध्यप्रदेश के इंदौर गांजा की बड़ी खेप भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर ग्राम गोयनाबाहरा के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया।
कार के गुप्त चैंबर में छिपाए थे गांजा
जांच के दौरान एक स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस ने कार में विशेष रूप से बनाए गए दो गुप्त चैंबरों की जांच की, जहां से 62 किलो 160 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
2 तस्कर गिरफ्तार
मामले में मध्यप्रदेश निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है।

