CG Theft: बॉयफ्रेंड को पैसा देने गर्लफ्रेंड ने की चोरी, घर से उड़ाए पैसे

CG Theft: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक महिला ने अपने प्रेमी की पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि जिस परिवार ने उसे 2 साल तक अपने घर में रखकर भरोसा किया, उसी घर से उसने शादी की व्यस्तता का फायदा उठाकर 24 हजार रुपए चोरी कर लिए। मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है।

पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी महिला ममता चौहान और उसके प्रेमी शीतल वर्मा को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से चोरी की नकदी और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।tcw

बॉयफ्रेंड को पैसा देने गर्लफ्रेंड ने की चोरी

पुलिस पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसके प्रेमी शीतल वर्मा को पैसों की जरूरत थी। उसके कहने पर ही उसने चोरी की योजना बनाई। घर में शादी का कार्यक्रम चल रहा था और सभी लोग व्यस्त थे। इसी दौरान उसने अलमारी से नकदी निकाल ली।

2 साल से परिवार के साथ रह रही थी

सूर्या विहार कॉलोनी, जुनवानी निवासी रोहन कुखरानिया ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में अपनी वृद्ध मां की देखभाल के लिए लाइफ होम केयर सर्विस के माध्यम से ममता चौहान को केयरटेकर रखा गया था।

मां के निधन के बाद भी ममता घर में रहकर घरेलू काम करती रही। करीब दो वर्षों तक परिवार के साथ रहने के कारण उसे घर की पूरी व्यवस्था और अलमारी में रखे पैसों की जानकारी थी।

26 और 27 जून 2026 को परिवार में भतीजी की शादी थी। सभी लोग कार्यक्रम में व्यस्त थे। इसी दौरान ममता ने अलमारी से 24 हजार रुपए निकाल लिए और बिना किसी को बताए घर छोड़कर चली गई। बाद में जरूरत पड़ने पर परिवार ने अलमारी देखी तो नकदी गायब मिली। इसके बाद सुपेला थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।

रायपुर में पकड़ाए आरोपी

पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी महिला के मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच की। लोकेशन के आधार पर पुलिस रायपुर पहुंची, जहां ममता अपने प्रेमी शीतल वर्मा के साथ मिली। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

नकदी और मोबाइल जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 23 हजार 500 रुपए नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत 43 हजार 500 रुपए बताई गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *