July Rule Change: 1 जुलाई 2026 से देशभर में कई महत्वपूर्ण नियमों में बदलाव होने जा रहा है। इनका असर आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी और जेब दोनों पर पड़ेगा। एलपीजी सिलेंडर की कीमतों, क्रेडिट कार्ड के नियम, आधार अपडेट और कारों की कीमतों समेत कई बदलाव लागू होंगे। आइए जानते हैं 1 जुलाई से क्या-क्या बदलने जा रहा है।![]()
LPG सिलेंडर के नए दाम होंगे जारी
हर महीने की पहली तारीख को तेल विपणन कंपनियां घरेलू और व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं। 1 जुलाई को भी नए दाम जारी किए जाएंगे। पिछले महीने व्यावसायिक गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी हुई थी, जबकि घरेलू सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया था।
फ्लाईट के कीमतों में भी बदलाव
1 जुलाई को विमान ईंधन की कीमतों की भी समीक्षा की जाएगी। यदि विमान ईंधन महंगा होता है तो विमान कंपनियों की परिचालन लागत बढ़ सकती है, जिसका असर हवाई यात्रा के किराए पर भी पड़ सकता है।
क्रेडिट कार्ड के नियम होंगे सख्त
HDFC बैंक के रेगालिया गोल्ड क्रेडिट कार्ड धारकों के लिए 1 जुलाई से नया नियम लागू होगा। अब घरेलू हवाई अड्डों के लाउंज की मुफ्त सुविधा का लाभ लेने के लिए पिछली तिमाही में कम से कम 60 हजार रुपये का खर्च करना अनिवार्य होगा। निर्धारित खर्च पूरा करने वाले ग्राहकों को ही अगली तिमाही में यह सुविधा मिलेगी।
आधार में ईमेल अपडेट मुफ्त
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने आधार कार्ड धारकों को बड़ी राहत दी है। 1 जुलाई से दिसंबर 2026 तक आधार में ईमेल आईडी अपडेट कराने पर कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। पहले इस सेवा के लिए 75 रुपये का शुल्क देना पड़ता था।
कार खरीदना महंगा
यदि आप नई कार खरीदने की योजना बना रहे हैं तो 1 जुलाई से पहले खरीदारी करना फायदे का सौदा हो सकता है। किया मोटर्स ने अपनी कारों की कीमतों में 2 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की घोषणा की है। वहीं टाटा मोटर्स भी अपनी पेट्रोल, डीजल और इलेक्ट्रिक कारों की कीमतों में 1.5 प्रतिशत तक वृद्धि करने की तैयारी में है।




