CG Accident: ट्रक चालक ने 13 साल की बच्ची को कुचला, बैरिकेडिंग तोड़कर 50KM तक पुलिस को छकाया

राजनांदगांव: CG Accident: मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ने 13 वर्षीय बच्ची को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। पुलिस ने पीछा कर उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह बैरिकेडिंग तोड़ते हुए करीब 50 किलोमीटर तक भागता रहा। आखिरकार मानपुर के आगे कोरकोट्टी के पास ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया, जिसके बाद पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया।tcw

तेज रफ्तार ट्रक ने बच्ची को कुचला

जानकारी के अनुसार ग्राम गुंडरदेही निवासी दीपाली हल्बा (13) शुक्रवार सुबह सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।

बैरिकेडिंग तोड़कर पुलिस को छकाया

घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। अंबागढ़ चौकी के पास पुलिस ने ट्रक रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी।

इसके बाद मोहला थाना के सामने बैरिकेडिंग लगाई गई। पुलिस जवानों ने ट्रक रोकने का संकेत दिया, लेकिन चालक बैरिकेडिंग तोड़ते हुए आगे निकल गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों और राहगीरों की जान भी खतरे में पड़ गई।

मानपुर में पकड़ाया चालक

पुलिस ने लगातार पीछा करते हुए करीब 50 किलोमीटर बाद मानपुर से आगे कोरकोट्टी के पास ट्रक को घेर लिया। तेज रफ्तार के कारण ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया। पुलिस ने चालक देवी सिंह, निवासी उत्तर प्रदेश, को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में चालक के नशे की हालत में वाहन चलाने की बात सामने आई है। हादसे में चालक को भी चोटें आई हैं।

ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

घटना से नाराज ग्रामीणों ने बच्ची का शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। दीपाली कक्षा छठवीं की छात्रा थी। उसकी मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *