CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में 3 दिन बारिश-आंधी का अलर्ट, 50KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, बिजली गिरने की चेतावनी

CG Weather Update

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले तीन दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

कई जिलों में आंधी-बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना बनी हुई है। तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने और अन्य दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है।

CG Weather Update

राजनांदगांव सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा

शनिवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।

कोरबा में आंधी-तूफान बना जानलेवा

बदलते मौसम के बीच कोरबा जिले के लेमरू क्षेत्र में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हुआ। आंधी-तूफान के दौरान पति-पत्नी पर पेड़ गिर गया। हादसे में 54 वर्षीय शिवरतन माझी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों अपनी लापता बकरी की तलाश में जंगल गए थे।

CG Weather Update

ट्रफ सिस्टम का असर

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मध्य पाकिस्तान से बांग्लादेश तक एक द्रोणिका (ट्रफ) सक्रिय है, जो राजस्थान, मध्यप्रदेश, उत्तर छत्तीसगढ़, झारखंड और पश्चिम बंगाल से होकर गुजर रही है। इसी मौसमीय सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में बारिश, आंधी और गरज-चमक की गतिविधियां बनी हुई हैं।

रायपुर में आंधी-बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और धूलभरी आंधी चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *