Bilaspur News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करगीकला में देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। घर के बाहर खड़ी पिकअप वाहन में अज्ञात शख्स ने ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम करगीकला निवासी हंसराज साहू के घर के बाहर खड़ी पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 10 एजी 0462 को देर रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने आग के हवाले कर दिया। आग लगने से वाहन के कंडक्टर साइड का अगला टायर सहित अन्य हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया और आग पर काबू पाया। इससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
घर में लगे CCTV कैमरे की फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति वाहन के पास पहुंचता दिखाई दे रहा है। इसके कुछ ही देर बाद वाहन में आग लग जाती है। हालांकि अंधेरा होने के कारण आरोपी का चेहरा स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे रहा है।
हर एंगल से जांच जारी
कोटा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों को भी ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

