रायपुर | Raipur Breaking: देशभर में एक बार फिर पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिए गए हैं। आज यानी 25 मई को पेट्रोल ₹2.61 प्रति लीटर और डीजल ₹2.71 प्रति लीटर महंगा हो गया है। लगातार बढ़ रही कीमतों का असर अब छत्तीसगढ़ में भी साफ दिखाई देने लगा है। कई जिलों में पेट्रोल का रेट 109 रुपए प्रति लीटर के पार पहुंच चुका है। राजधानी रायपुर में अब पेट्रोल ₹107.96 प्रति लीटर बिक रहा है। खास बात ये है कि मई महीने में यह चौथी बार है जब तेल कंपनियों ने फ्यूल के दाम बढ़ाए हैं। इससे पहले 15 मई को 3-3 रुपए, 19 मई को 90-90 पैसे और 23 मई को भी 90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी।
READ MORE : CG News: अब मोबाइल पर मिलेंगे मजदूर, चौक-चौराहों पर जाने की जरूरत नहीं
प्रदेश के बस्तर और सरगुजा संभाग में सबसे ज्यादा कीमतें देखने को मिल रही हैं। नारायणपुर में पेट्रोल ₹109.65, जगदलपुर में ₹109.64, दंतेवाड़ा में ₹109.60 और बीजापुर में ₹109.59 प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं जशपुर में ₹109.52, सूरजपुर में ₹109.39 और अंबिकापुर में ₹109.09 प्रति लीटर पेट्रोल बिक रहा है। रायगढ़ में भी पेट्रोल 109 रुपए के करीब पहुंच चुका है। दूसरी तरफ दुर्ग में ₹108.29, धमतरी में ₹108.45, महासमुंद में ₹108.64 और बिलासपुर में ₹108.65 प्रति लीटर रेट दर्ज किया गया है। फिलहाल प्रदेश में सबसे कम कीमत कोरबा में है, जहां पेट्रोल ₹107.63 प्रति लीटर बिक रहा है।
READ MORE : CG News: झुलसाने वाली धूप से 150 से ज्यादा चमगादड़ों की मौत
जानकारों के मुताबिक बस्तर और सरगुजा जैसे दूर-दराज इलाकों में ट्रांसपोर्टेशन कॉस्ट ज्यादा होने की वजह से पेट्रोल की कीमतें अधिक रहती हैं। वहीं रायपुर और औद्योगिक जिलों में सप्लाई बेहतर होने से कीमतों में थोड़ा अंतर देखने को मिलता है। लगातार बढ़ती कीमतों का असर अब आम लोगों और ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर भी पड़ने लगा है। डीजल महंगा होने से माल ढुलाई खर्च बढ़ सकता है, जिसका असर आने वाले दिनों में रोजमर्रा की चीजों और यात्री किराए पर भी दिखाई दे सकता है।
READ MORE : CG News: पेट्रोल-डीजल की कमी नहीं, अफवाहों से बचें, ड्रम-जरीकेन में बिक्री पर रोक
फ्यूल संकट और बढ़ती कीमतों के बीच प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। रायपुर कलेक्टर ने पेट्रोल-डीजल की ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। कहीं भी अधिक कीमत वसूली या अवैध बिक्री की जानकारी मिलने पर लोग 9977222564, 9977222574, 9977222584 और 9977222594 नंबर पर शिकायत कर सकते हैं।
विशेषज्ञों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल यानी क्रूड ऑयल की कीमतों में तेजी आने की वजह से पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ रहे हैं। बताया जा रहा है कि ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बाद क्रूड ऑयल की कीमत 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है। भारत अपनी जरूरत का अधिकांश कच्चा तेल विदेशों से आयात करता है, इसलिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में होने वाले बदलाव का सीधा असर देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर पड़ता है। इसके अलावा एक्साइज ड्यूटी, वैट, रिफाइनिंग कॉस्ट और डीलर कमीशन जुड़ने के बाद आम लोगों तक पहुंचते-पहुंचते फ्यूल की कीमत कई गुना बढ़ जाती है।
