Raipur News: छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा को आधुनिक तकनीक और AI से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। उच्च शिक्षा विभाग और गूगल फॉर एजूकेशन के बीच समझौता ज्ञापन किया गया है। इसके तहत प्रदेश के महाविद्यालयों में शिक्षण, शोध और प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी और तकनीक आधारित बनाने के लिए शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों को एआई के उपयोग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने 23 नवंबर को रायपुर के दीन दयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित समझौता ज्ञापन हस्ताक्षर और एआई प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय ज्ञान, नवाचार और तकनीक का है। एआई शिक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव लाने की क्षमता रखता है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की भावना के अनुरूप राज्य सरकार उच्च शिक्षा में आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा दे रही है।
AI शिक्षकों का विकल्प नहीं, क्षमता बढ़ाने का माध्यम
उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि एआई शिक्षकों का विकल्प नहीं है, बल्कि यह उनकी कार्यक्षमता, रचनात्मकता और शिक्षण प्रभावशीलता को बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण माध्यम है। शिक्षक विद्यार्थियों को केवल जानकारी नहीं देते, बल्कि उनमें सोचने, समझने और आगे बढ़ने की क्षमता विकसित करते हैं। एआई तकनीक शिक्षकों की इस भूमिका को और मजबूत बनाने में सहायक होगी।
बहुभाषी सामग्री और शोध कार्यों में मिलेगी मदद
मंत्री ने कहा कि एआई के माध्यम से शिक्षक बहुभाषी अध्ययन सामग्री तैयार कर सकेंगे। जटिल विषयों को सरल तरीके से समझाने, बेहतर पाठ योजना बनाने, विद्यार्थियों के मूल्यांकन और शोध कार्यों में भी इसका उपयोग किया जा सकेगा।
छत्तीसगढ़ जैसे विविध भाषाई और सामाजिक परिस्थितियों वाले राज्य में यह तकनीक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुंच बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
प्रशासनिक कार्यों में आएगी तेजी
इस पहल का लाभ केवल शिक्षकों और विद्यार्थियों तक सीमित नहीं रहेगा। महाविद्यालयों और विभागीय कार्यालयों में काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को भी एआई तकनीक का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
एआई की सहायता से दस्तावेज तैयार करने, सूचनाओं के विश्लेषण, पत्राचार और अन्य कार्यालयीन कार्यों को सरल और समयबद्ध बनाया जा सकेगा। इससे प्रशासनिक कार्यों की गुणवत्ता और कार्यक्षमता में सुधार होगा।
22 महाविद्यालयों के 500 से अधिक शिक्षकों को प्रशिक्षण
प्रारंभिक प्रशिक्षण कार्यक्रम में रायपुर जिले के 22 महाविद्यालयों के 500 से अधिक शिक्षकों, अधिकारियों और उच्च शिक्षा संचालनालय के 50 से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों को एआई तकनीक का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इसके बाद विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए 10 ऑफलाइन प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। जरूरत के अनुसार ऑनलाइन प्रशिक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
AI के सुरक्षित उपयोग पर जोर
उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि एआई का उपयोग करते समय सुरक्षा और जिम्मेदारी का ध्यान रखना जरूरी है। एआई से प्राप्त हर जानकारी सही हो, यह जरूरी नहीं है। इसलिए किसी भी जानकारी का शैक्षणिक या प्रशासनिक उपयोग करने से पहले उसका परीक्षण और सत्यापन किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि गूगल फॉर एजूकेशन के साथ यह साझेदारी छत्तीसगढ़ की उच्च शिक्षा व्यवस्था में तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देगी और शिक्षण, शोध तथा प्रशासनिक कार्यों को नई दिशा प्रदान करेगी।
कार्यक्रम में उच्च शिक्षा विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, उच्च शिक्षा आयुक्त रीता यादव, रूंगटा इंटरनेशनल स्किल्स यूनिवर्सिटी भिलाई के कुलपति डॉ. जवाहर सुरीसेट्टी, गूगल फॉर एजूकेशन की डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन लीड ईशा पोरवाल जैन सहित विभाग के अधिकारी, महाविद्यालयों के प्राचार्य, प्राध्यापक और कर्मचारी उपस्थित थे।


