NEET 2026 Refund: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने नीट यूजी 2026 परीक्षार्थियों के लिए बड़ी अपडेट जारी की है। एनटीए के अनुसार 3 मई 2026 को रद्द हुई परीक्षा के लिए जमा की गई फीस का रिफंड प्रोसेस 21 मई से शुरू किया जाएगा। इसके लिए एनटीए एक विशेष रिफंड पोर्टल एक्टिवेट करेगा, जहां छात्र अपनी बैंक डिटेल्स अपडेट कर सकेंगे।
बता दें कि पेपर लीक विवाद के चलते 3 मई को आयोजित NEET UG 2026 परीक्षा रद्द कर दी गई थी। अब इसका री-एग्जाम 21 जून 2026 को आयोजित किया जाएगा।
री-एग्जाम के लिए नहीं देना होगा अतिरिक्त शुल्क
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि री-एग्जाम में शामिल होने के लिए छात्रों से कोई अतिरिक्त फीस नहीं ली जाएगी। पहले जमा की गई फीस का ही उपयोग किया जाएगा, जबकि ओरिजिनल एप्लीकेशन फीस छात्रों को वापस की जाएगी।
रिफंड पोर्टल पर क्या करना होगा
रिफंड प्रक्रिया शुरू होने के बाद उम्मीदवारों को अपने बैंक खाते की सही जानकारी पोर्टल पर अपडेट करनी होगी। जिन छात्रों ने साइबर कैफे या किसी अन्य व्यक्ति के अकाउंट से फीस जमा की थी, उन्हें विशेष रूप से अपने बैंक डिटेल्स अपडेट करने की सलाह दी गई है। ऐसा नहीं करने पर रिफंड उसी खाते में चला जाएगा, जिससे भुगतान किया गया था।
स्टूडेंट्स को दी गई ये सलाह
एनटीए ने छात्रों से कहा है कि वे किसी भी फर्जी वेबसाइट या लिंक से सावधान रहें। केवल आधिकारिक एनटीए वेबसाइट और रजिस्टर्ड ईमेल पर जारी सूचना पर ही भरोसा करें। बैंक डिटेल्स भरने से पहले वेबसाइट के URL की पुष्टि अवश्य कर लें।
कैटेगरी के अनुसार मिलेगा रिफंड
जनरल कैटेगरी : 1700 रुपये
OBC/EWS : 1600 रुपये
SC/ST/PwD : 1000 रुपये
21 जून को होगा री-एग्जाम
एनटीए के अनुसार NEET UG 2026 री-एग्जाम 21 जून 2026 को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक पेन-एंड-पेपर मोड में आयोजित किया जाएगा।
उम्मीदवार अपने एग्जाम सिटी विकल्प में बदलाव 21 मई 2026 रात 11:50 बजे तक कर सकते हैं। हालांकि परीक्षा के दौरान चुनी गई भाषा को बदला नहीं जा सकेगा। अगर किसी छात्र को पिछले एग्जाम सेंटर से जुड़ी शिकायत है, तो वह सपोर्टिंग डॉक्यूमेंट्स के साथ एनटीए हेल्पडेस्क पर शिकायत दर्ज करा सकता है।
एनटीए ने यह भी साफ कर दिया है कि 21 जून 2026 की री-एग्जाम तारीख अंतिम है और इसमें किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया जाएगा।


