CG Weather Update: भयंकर गर्मी से हाल बेहाल, रायपुर समेत इन जिलों में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट

Weather

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में नवतपा शुरू होने से पहले ही भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार को रायपुर में पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि माना क्षेत्र में सबसे अधिक 45 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

 

तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। देर रात तक गर्म हवाएं चलती रहीं। हालत यह रही कि कूलर भी राहत नहीं दे पा रहे थे।

 

रायपुर में ऑरेंज अलर्ट जारी

 

मौसम विभाग ने शुक्रवार को रायपुर में ग्रीष्म लहर को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार आज राजधानी में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

 

इन जिलों में हीटवेव का अलर्ट

 

मौसम विभाग ने बिलासपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, रायपुर, धमतरी, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और राजनांदगांव जिलों में एक-दो स्थानों पर हीटवेव चलने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

वहीं कोरबा, गरियाबंद, महासमुंद, बालोद और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

 

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ लेने, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और शरीर को ढंककर रखने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *