UPSC Exam 2026: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC Prelims 2026) नई दिल्ली द्वारा सिविल सर्विस प्रारंभिक परीक्षा 24 मई 2026, रविवार को आयोजित की जाएगी। परीक्षा रायपुर जिले के 22 परीक्षा केंद्रों में संपन्न होगी, जिसमें कुल 8 हजार 449 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
जारी जानकारी के अनुसार परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक संचालित होगी।
परीक्षा से संबंधित गोपनीय सामग्री का वितरण सुबह 7 बजे और दोपहर 12 बजे जिला कोषालय, कलेक्टर परिसर रायपुर से किया जाएगा।
प्रशासन ने परीक्षा संचालन के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय कर दी है। डिप्टी कलेक्टर रायपुर उपेन्द्र किण्डो को सहायक को-ऑर्डिनेटिंग सुपरवाइजर नियुक्त किया गया है। वहीं विशेष रोजगार कार्यालय रायपुर के रोजगार अधिकारी केदारनाथ पटेल को कंट्रोल रूम प्रभारी बनाया गया है।

