Raigarh Murder: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम चिकटवानी मुडाडीपा में एक बेटे ने अपनी ही मां की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना में बीच-बचाव करने आई उसकी 10 वर्षीय बेटी भी घायल हो गई। पुलिस ने आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान 70 वर्षीय मेरीना लकड़ा के रूप में हुई है। घर में उनका शव मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। मृतिका के सिर, माथे और कान के पास गंभीर चोट के निशान पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बेटी ने भागकर बचाई जान
घटना स्थल पर आरोपी की 10 वर्षीय बेटी अगोस्टिना लकड़ा भी घायल अवस्था में मिली। उसे प्राथमिक उपचार के बाद सिविल अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी बेटे संदीप लकड़ा ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि वह घटना के समय नशे में था। घर में विवाद और कहासुनी के बाद उसने लकड़ी के डंडे से अपनी मां पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची बेटी पर भी उसने हमला किया, लेकिन वह किसी तरह भागकर दूसरे घर में पहुंच गई और अपनी जान बचाई।
हत्या में इस्तेमाल डंडा जब्त
आरोपी ने पुलिस को बताया कि 11 मई को वह परिवार के साथ मेडिकल कॉलेज रायगढ़ गया था और 14 मई को घर लौटने के बाद विवाद हुआ। पुलिस ने आरोपी के बयान के आधार पर हत्या में इस्तेमाल लकड़ी का डंडा बरामद कर लिया है।
धरमजयगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि मामले की आगे की जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

