CG PNG Connection: बिलासपुर शहर में अब जल्द ही घरों में पाइप्ड नेचुरल गैस यानी पीएनजी से खाना बनेगा। अडानी टोटल गैस लिमिटेड ने घरेलू पीएनजी कनेक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी है। पहले चरण में राजकिशोर नगर, मोपका, सरकंडा और गीतांजलि सिटी फेस-1 एवं फेस-2 क्षेत्रों में कनेक्शन दिए जाएंगे।
कंपनी के मुताबिक रजिस्ट्रेशन के करीब दो माह के भीतर घरों में गैस सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। घरेलू पीएनजी कनेक्शन की कुल लागत लगभग 6000 रुपए तय की गई है, जिसमें मीटर, पाइपलाइन, फिटिंग और अन्य जरूरी उपकरण शामिल हैं।
उपभोक्ताओं को एकमुश्त राशि का बोझ न पड़े, इसके लिए ईएमआई योजना भी शुरू की गई है। इसके तहत शुरुआती तौर पर केवल 1300 रुपए देकर कनेक्शन लिया जा सकेगा।
ईएमआई योजना के तहत
रजिस्ट्रेशन शुल्क – 300 रुपए
सिक्योरिटी डिपॉजिट – 1000 रुपए
शेष राशि – 250 रुपए प्रति बिलिंग साइकिल, कुल 20 किश्तों में
फुल पेमेंट योजना के तहत
रजिस्ट्रेशन शुल्क – 300 रुपए
सिक्योरिटी डिपॉजिट – 6000 रुपए
कंपनी के अनुसार हर घर में गैस मीटर लगाया जाएगा। शुरुआती अनुमान के मुताबिक घरेलू उपभोक्ताओं का दो माह का बिल लगभग 1100 से 1300 रुपए तक आ सकता है। भविष्य में इसे स्मार्ट मीटर सिस्टम से भी जोड़ा जाएगा, जिससे उपभोक्ता मोबाइल रिचार्ज की तरह गैस रिचार्ज कर सकेंगे।
पीएनजी गैस शुरू होने के बाद उपभोक्ताओं को कई फायदे मिलेंगे। सिलेंडर खत्म होने की चिंता नहीं रहेगी, गैस बुकिंग और डिलीवरी का इंतजार खत्म होगा तथा 24 घंटे लगातार गैस सप्लाई मिलेगी।
कंपनी फिलहाल ऑनलाइन माध्यम से रजिस्ट्रेशन ले रही है। शुरुआती दिनों में ही कई लोगों ने आवेदन कर दिया है। आने वाले समय में अलग-अलग कॉलोनियों और रिहायशी इलाकों में जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।

