Raipur News: गुपचुप पानी में जहर, कैंसर का खतरा ?

Raipur News:

Raipur News: भीषण गर्मी के बीच बाजारों में बिक रहे खाद्य पदार्थों में मिलावट का बड़ा खुलासा हुआ है। गुपचुप के पानी से लेकर सब्जियों और फलों तक में खतरनाक केमिकल मिलाए जा रहे हैं, जो लोगों की सेहत के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं। अधिक मुनाफा कमाने के लालच में दुकानदार ग्राहकों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे हैं।

tcw

जांच में सामने आया है कि गुपचुप के चटपटे पानी में धनिया-पुदीना की जगह हरे रंग का केमिकल मिलाया जा रहा है। वहीं गंदे पानी से बनी बर्फ और एक्सपायर्ड ब्रेड खुलेआम बेची जा रही है। सब्जियों को ताजा दिखाने के लिए कॉपर सल्फेट (नीला थोथा) का इस्तेमाल किया जा रहा है, जबकि फलों को जल्दी पकाने के लिए कैल्शियम कार्बाइड जैसे खतरनाक रसायनों का उपयोग किया जा रहा है।

इतना ही नहीं, दूध में डिटर्जेंट और मसालों में ईंट का चूरा मिलाकर उसे जहरीला बनाया जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, इन मिलावटी पदार्थों का असर तुरंत नजर नहीं आता, लेकिन लंबे समय तक सेवन करने से लिवर और किडनी को नुकसान पहुंचता है और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।

मेकाहारा के डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि ऐसे केमिकल शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को कमजोर करते हैं और धीरे-धीरे शरीर को अंदर से नुकसान पहुंचाते हैं।

इधर, फूड एंड ड्रग सेफ्टी विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। ‘सही दवा, शुद्ध आहार’ अभियान के तहत अब तक 1000 से अधिक दुकानों की जांच की जा चुकी है। इस दौरान बड़ी मात्रा में खराब मैंगो पल्प, रंगयुक्त सोडा और जहरीला गुपचुप पानी नष्ट किया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *