Raipur News: रायपुर में 29 जून को डाक अदालत, 24 जून तक करें शिकायत; स्पीड पोस्ट से बीमा तक की होगी सुनवाई

Raipur News: डाक सेवाओं से जुड़ी लंबित शिकायतों के निराकरण के लिए छत्तीसगढ़ परिमंडल में 29 जून को परिमंडल स्तरीय डाक अदालत का आयोजन किया जाएगा। मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, छत्तीसगढ़ परिमंडल की ओर से आयोजित यह डाक अदालत रायपुर के जय स्तंभ चौक स्थित प्रधान डाकघर भवन में लगेगी।

tcw

डाक विभाग के अनुसार डाक अदालत का आयोजन 29 जून को शाम 4 बजे रायपुर प्रधान डाकघर भवन की दूसरी मंजिल पर किया जाएगा। यहां उपभोक्ताओं की विभिन्न डाक सेवाओं से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की जाएगी।

इन शिकायतों की होगी सुनवाई

डाक अदालत में डाक वितरण, काउंटर सेवाएं, बचत बैंक खाते, लघु बचत योजनाएं, आवर्ती जमा खाता, बचत पत्र, रजिस्ट्री, मूल्य देय पार्सल, एक्सप्रेस पार्सल, स्पीड पोस्ट, मनीऑर्डर, डाक जीवन बीमा और ग्रामीण डाक जीवन बीमा से जुड़ी शिकायतों पर सुनवाई की जाएगी। डाक विभाग का कहना है कि उपभोक्ताओं की लंबित समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए यह पहल की जा रही है।

24 जून तक करें शिकायत

विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि यदि उनकी कोई शिकायत लंबित है तो उसका पूरा विवरण निर्धारित प्रारूप में 24 जून 2026 को दोपहर 2 बजे तक मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, छत्तीसगढ़ परिमंडल, रायपुर कार्यालय में जमा कर दें।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त होने वाली शिकायतों को इस डाक अदालत में शामिल नहीं किया जाएगा।

उपभोक्ताओं को मिलेगा सीधा समाधान

डाक विभाग के अनुसार डाक अदालत का उद्देश्य उपभोक्ताओं की समस्याओं का प्रत्यक्ष, पारदर्शी और प्रभावी समाधान करना है। इससे डाक सेवाओं की गुणवत्ता और जवाबदेही में सुधार लाने में मदद मिलेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *