CG News: छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में वार्षिक परीक्षाओं से ठीक पहले आयोजित किए जा रहे शिक्षक प्रशिक्षण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। पंडरिया ब्लॉक में हो रहे इस प्रशिक्षण को लेकर छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने आपत्ति जताई है और इसे तत्काल स्थगित करने की मांग की है।
संगठन ने इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजकर कहा है कि परीक्षा से ठीक पहले शिक्षकों को प्रशिक्षण में भेजना विद्यार्थियों की तैयारी को प्रभावित कर सकता है।

परीक्षा के समय प्रशिक्षण कार्यक्रम
टीचर्स एसोसिएशन के अनुसार लोक शिक्षण संचालनालय रायपुर द्वारा जारी कार्यक्रम के मुताबिक 17 मार्च से कक्षा 8वीं की वार्षिक परीक्षा शुरू होनी है। ऐसे समय में विद्यार्थियों को पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी के लिए शिक्षकों की जरूरत स्कूलों में होती है।
जानकारी के मुताबिक पंडरिया विकासखंड में सामाजिक विज्ञान और विज्ञान विषय के 111 शिक्षकों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण 5 मार्च से 9 मार्च तक आयोजित किया गया है।

समय को लेकर जताई आपत्ति
टीचर्स एसोसिएशन का कहना है कि शिक्षक प्रशिक्षण से उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन इसके समय को लेकर गंभीर सवाल हैं। संगठन के जिलाध्यक्ष डॉ. रमेश कुमार चंद्रवंशी ने पूछा है कि प्रशिक्षण कार्यक्रम सत्र के अंतिम चरण में ही क्यों आयोजित किया जा रहा है।
उनका कहना है कि शिक्षा सत्र की शुरुआत 16 जून से होती है, इसलिए जुलाई से जनवरी के बीच का समय शिक्षक प्रशिक्षण के लिए ज्यादा उपयुक्त माना जाता है।
विद्यार्थियों की तैयारी हो सकती है प्रभावित
एसोसिएशन के मुताबिक वार्षिक परीक्षा छात्रों के पूरे साल की पढ़ाई का आकलन करने का महत्वपूर्ण समय होता है। इस दौरान शिक्षक छात्रों की शंकाओं का समाधान करते हैं, अभ्यास कराते हैं और परीक्षा की रणनीति समझाते हैं। लेकिन यदि शिक्षक प्रशिक्षण में व्यस्त रहेंगे तो विद्यार्थियों को पर्याप्त मार्गदर्शन नहीं मिल पाएगा।
