Gadchiroli Encounter: छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमावर्ती क्षेत्र में महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के भमरागढ़ जंगलों में नक्सलियों और पुलिस के बीच आज सुबह से भीषण मुठभेड़ जारी है। इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 3 नक्सलियों को मार गिराया है, जबकि C-60 बल का एक जवान शहीद हो गया। वहीं एक अन्य जवान घायल है, जिसका इलाज जारी है। (गढ़चिरौली मुठभेड़ 3 नक्सली ढेर)

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने मौके से 2 पुरुष और 1 महिला नक्सली के शव बरामद किए हैं। इसके साथ ही घटनास्थल से एसएलआर और AK-47 राइफल भी जब्त की गई है। मारे गए नक्सलियों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है और सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर हैं। (गढ़चिरौली मुठभेड़ जवान शहीद)

ऑपरेशन के दौरान C-60 बल के जवान कांस्टेबल दीपक चिन्ना मडावी (38 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट कर भमरागढ़ के सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया और वे शहीद हो गए। वहीं, एक अन्य जवान कांस्टेबल जोगा मडावी (निवासी किश्तयापल्ली) को गोली लगी है। उन्हें भी हेलीकॉप्टर से भमरागढ़ लाया गया है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और आगे के इलाज के लिए उन्हें गढ़चिरौली (Gadchiroli Naxal Encounter) रेफर किया जाएगा।
