रायपुर : इन दिनों रायपुर में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामला नवा रायपुर से आया है जहां एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा रावतपुरा यूनिवर्सिटी के पास आज सुबह हुआ, जब तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने युवक की स्कूटी को टक्कर मार दी।
बता दें, स्कूटी सवार दो युवक नवागांव से काम के लिए कोलियरी जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने स्कूटी सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान नंदू यादव (22 वर्ष), निवासी ग्राम नवागांव (ल), गोबरा नवापारा क्षेत्र के रूप में हुई है।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और घटना को लेकर आक्रोश व्यक्त किया। सूचना मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और भीड़ को समझाने-बुझाने में जुट गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।
