बालोद : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां BEO ऑफिस (खंड शिक्षा अधिकारी) में सोमवार सुबह एक युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान सतीश यादव (26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कार्यालय में सफाईकर्मी के बेटे थे।
दरअसल ,घटना गरूर थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से उतारा, पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का मामला सामने आ रहा है, लेकिन मौत के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।

जानकारी के मुताबिक, सतीश की मां लक्ष्मी यादव बीईओ कार्यालय में कार्यरत हैं और वर्तमान में हड़ताल पर थीं। उनकी अनुपस्थिति में सतीश बीते तीन-चार दिनों से कार्यालय का काम देख रहा था और उसी के पास कार्यालय की चाबी भी थी। रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
6 महीने पहले हुई थी शादी
बताया जा रहा है कि सतीश यादव की छह महीने पहले ही शादी हुई थी। आत्महत्या की सूचना पर गरूर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
