कांकेर : छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में रविवार दोपहर गिरहोला नदी में एक युवक का शव तैरता हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नदी में शव देखे जाने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया।
पुलिस ने तत्काल मर्ग कायम करते हुए जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच के आधार पर मृतक की पहचान बुधारू यादव (35 वर्ष), निवासी चारामा के रूप में हुई है। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए शव को जिला अस्पताल भिजवा दिया है।
फिलहाल युवक की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। स्थानीय लोगों के बीच घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।
