CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन बारिश-आंधी का अलर्ट, गरज-चमक के साथ चलेंगी तेज हवाएं

CG Weather Update

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में अगले पांच दिनों तक बारिश, आंधी और गरज-चमक की संभावना जताई है। इस दौरान कई जिलों में तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है।

tcw

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में तापमान में कोई विशेष बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। हालांकि प्री-मानसून गतिविधियों के चलते प्रदेश के कई इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहेगा।

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। गरियाबंद जिले में सर्वाधिक 30 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि सुकमा और सूरजपुर जिले के रामानुजनगर में 20-20 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा बस्तर के तोकापाल, जगदलपुर और आसपास के क्षेत्रों में भी वर्षा दर्ज की गई।

सोमवार को प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस पेंड्रारोड में दर्ज हुआ।

लू से मादा भालू की मौत

भीषण गर्मी का असर वन्यजीवों पर भी देखने को मिल रहा है। मरवाही वनमंडल के पिपरिया गांव से लगे जंगल में लू और अत्यधिक गर्मी के कारण एक मादा भालू की मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

रायपुर में धूलभरी आंधी और बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में मंगलवार को मौसम बदला हुआ रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक शहर में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और धूलभरी आंधी चलने की संभावना है। रायपुर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश में सक्रिय मौसमी सिस्टमों के प्रभाव से आगामी दिनों में आंधी, बारिश और मेघगर्जन की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और खुले स्थानों में रहने से बचने की सलाह दी गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *